प्रसिद्ध दुधवा राष्ट्रीय उद्यान तक पहुँचना अब पर्यटकों के लिए और अधिक सुगम हो गया है। उत्तर प्रदेश ईको-पर्यटन विकास बोर्ड के प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) द्वारा लखनऊ से दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के लिए एसी बस सेवा प्रारंभ की गई है। यह एसी बस सेवा 4 नवंबर 2025 से 15 दिनों के परीक्षण संचालन (पायलट प्रोजेक्ट) के रूप में संचालित की जा रही है।
दुधवा की विशेष आकर्षण
भारत के प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यानों जैसे कॉर्बेट, काज़ीरंगा एवं बांधवगढ़ की तुलना में दुधवा आज भी शांत एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है, जहाँ वन अपनी प्राकृतिक लय में जीवंत प्रतीत होते हैं। यह उद्यान बाघ, गैंडा, बारहसिंगा, हाथी, सांभर, चीतल, भालू, नीलगाय, मगरमच्छ एवं घड़ियाल जैसे दुर्लभ वन्यजीवों का आवास है। भारत में पाई जाने वाली लगभग 1,300 पक्षी प्रजातियों में से 450 से अधिक प्रजातियाँ यहाँ देखी जा सकती हैं।