ग्लोबल वाइल्डलाइफ फेयर में उत्तर प्रदेश के वन एवं वन्यजीव आकर्षण का केंद्र बने
उत्तर प्रदेश ईको-पर्यटन विकास बोर्ड प्रायोजित तीन दिवसीय ग्लोबल वाइल्डलाइफ फेयर का भव्य समापन
उत्तर प्रदेश ईको-पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा प्रायोजित ग्लोबल वाइल्डलाइफ फेयर में उत्तर प्रदेश के वन एवं वन्यजीवों ने देश-विदेश से आए आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। राज्य मंडप में दुधवा टाइगर रिज़र्व, पीलीभीत टाइगर रिज़र्व तथा अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ उनकी उत्कृष्ट ईको-स्टे सुविधाओं का प्रदर्शन किया गया। आगंतुकों को प्रदेश की विशिष्ट प्राकृतिक एवं वन्यजीव धरोहर से परिचित कराया गया।
दुधवा टाइगर रिज़र्व में पाए जाने वाले बाघ, गैंडे, हाथी, बारहसिंगा एवं घड़ियाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे और उपस्थित लोगों द्वारा उनकी सराहना की गई।
नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में 10 से 12 अक्टूबर तक आयोजित इस मेले का विषय था — “प्रकृति, मानव एवं वन्यजीवों के बीच सामंजस्य”। इसका उद्देश्य उत्तरदायी पर्यटन एवं सामूहिक संरक्षण प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।
इस आयोजन में विभिन्न देशों के संरक्षण विशेषज्ञों, ईको-पर्यटन संचालकों, शोधकर्ताओं एवं प्रकृति प्रेमियों ने सहभागिता की। उत्तर प्रदेश की प्रमुख ईको-पर्यटन संपत्तियों — दुधवा हाइडअवे, चंबल वाइल्डलाइफ सफारी मेला कैंप एवं दुधवा निरवाना रिट्रीट के प्रतिनिधियों ने भी मेले में भाग लिया।