विश्व पर्यटन दिवस पर युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों का भ्रमण
विश्व पर्यटन दिवस, 27 सितंबर के अवसर पर उत्तर प्रदेश ईको-पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों के लिए एक विशेष भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लखनऊ, कानपुर, कन्नौज एवं उन्नाव स्थित प्रमुख प्राकृतिक स्थलों को निकट से देखा और उनका अनुभव प्राप्त किया।
युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों ने लखनऊ चिड़ियाघर, कुकरैल रिजर्व वन, कानपुर चिड़ियाघर, नवाबगंज पक्षी अभयारण्य तथा कन्नौज स्थित लाख बहोसी पक्षी अभयारण्य का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने इन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता एवं जैव विविधता का अवलोकन किया।
लखनऊ, कानपुर एवं आसपास के क्षेत्र प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध हैं तथा ईको-पर्यटन की अपार संभावनाएँ रखते हैं। उत्तर प्रदेश ईको-पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा इन स्थलों का एक दिवसीय भ्रमण पैकेज तैयार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं पर्यटक प्रकृति और वन्यजीवन का निकट से अनुभव कर सकें। इसी क्रम में युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों का यह भ्रमण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।